साइना नेहवाल ने कोलकाता में ‘एकल रन’ के 7वें संस्करण का किया उद्घाटन

फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (FTS) की युवा इकाई FTS युवा द्वारा आयोजित वार्षिक प्रमुख आयोजन ‘एकल रन’ का 7वां संस्करण आज कोलकाता के गोडरेज वाटरसाइड में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस मैराथन में 5000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों के लिए 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी की टाइम्ड रन के साथ 3 किमी की नॉन-टाइम्ड/फन रन श्रेणियां रखी गई थीं, जिसमें हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस आयोजन का उद्घाटन भारत की पहली ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री मुकेश, आईपीएस, पुलिस आयुक्त, बिधाननगर, अभिनेता राहुल देव बोस, अभिनेत्री देबद्रिता बसु और पायल मुखर्जी उपस्थित रहीं। साथ ही संगठन के कई वरिष्ठ सदस्य एवं समाज के गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मीडिया से बातचीत करते हुए FTS युवा कोलकाता चैप्टर के अध्यक्ष श्री ऋषभ सराओगी ने कहा,
“एकल रन आज केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि फिटनेस और उद्देश्य को जोड़ने वाला एक सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। इस वर्ष के आयोजन ने यह सिद्ध किया कि सामूहिक प्रयासों से सार्थक बदलाव संभव है। आज उठाया गया हर कदम भारत के दूर-दराज़ क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा को सशक्त बनाने में योगदान देगा।”

वहीं एकल रन के राष्ट्रीय समन्वयक श्री गौरव बागला ने कहा,
“ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल का एकल रन के 7वें संस्करण का उद्घाटन करना हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उनकी उपस्थिति ने हजारों प्रतिभागियों में नई ऊर्जा भर दी और यह संदेश दिया कि खेल, अनुशासन और शिक्षा मिलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।”

कार्यक्रम में FTS युवा बोर्ड के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें राष्ट्रीय संयोजक नीरज हरोड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष रौनक फतेसरिया, उपाध्यक्ष रिशव गाड़िया, सचिव अभय केजरीवाल, कोषाध्यक्ष रोहित बुचा सहित अनेक सदस्य शामिल थे।

FTS के बारे में:
फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (FTS) एक गैर-लाभकारी, गैर-सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठन है, जो ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के वंचित बच्चों के उत्थान के लिए कार्यरत है। संगठन देश के दूरस्थ गांवों में 45,352 ‘एकल विद्यालय’ संचालित कर रहा है, जिनके माध्यम से 11,98,088 बच्चों को गैर-औपचारिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। FTS को गांधी शांति पुरस्कार 2017 से भी सम्मानित किया जा चुका है।

साइना नेहवाल ने कोलकाता में ‘एकल रन’ के 7वें संस्करण का किया उद्घाटन

फोटो गैलरी:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *