कोलकाता के बालीगंज स्थित भारत सेवाश्रम संघ की पहल पर गंगासागर मेला को लेकर एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर गंगासागर मेले की तैयारियों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
हर वर्ष पश्चिम बंगाल के साथ-साथ गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु गंगासागर मेले में भाग लेने आते हैं और पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित करते हैं। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष भारत सेवाश्रम संघ के तत्वावधान में 1500 से अधिक अतिरिक्त प्रशिक्षित तैराकों और स्वयंसेवकों की नियुक्ति की गई है।
भारत सेवाश्रम संघ के प्रधान सचिव स्वामी विश्वात्मानंदजी महाराज ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले असंख्य श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करना और उन्हें हर प्रकार की सहायता प्रदान करना स्वयंसेवकों का मुख्य दायित्व होगा। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से सेवा भाव के साथ आगे आने का आह्वान किया।
गंगासागर में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए 5000 से अधिक रात्रि विश्राम शिविर, 200 शौचालय तथा प्राथमिक चिकित्सा की व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी और भारत सेवाश्रम संघ की ओर से जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाइयाँ प्रदान की जाएंगी।

