श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उत्तर कोलकाता के वार्ड संख्या 45 में एक जनकल्याणकारी पहल की शुरुआत की गई। वार्ड के पार्षद संतोष पाठक के नेतृत्व एवं बिबादीबाग नागरिक कल्याण समिति के संरक्षण में बैंकशाल कोर्ट के सामने स्थित चौराहे पर पेयजल टैंकर एवं एंबुलेंस सेवा का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर लॉकेट चटर्जी, तापस राय, रितेश तिवारी, रत्ना देवनाथ, विजय ओझा, भाजपा नेता श्रमिक भट्टाचार्य, वार्ड संख्या 22 की पार्षद मीना देवी, कालीपद सिंह, सुनील चोपड़ा, अनिल भाटिया, विनोद तिवारी, कार्तिक सिंह, भोला यादव, विकास सिंह, सुशील यादव, रोहित पाठक, पवन सिंह तथा रोहित राठौर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि वार्ड संख्या 45 के पार्षद संतोष पाठक के नेतृत्व में पूरे वर्ष विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पेयजल टैंकर और एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ भी इसी जनसेवा अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

