बंगाल में भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा की परिवर्तन संकल्प सभा

राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी बिगुल बजते ही भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से परिवर्तन संकल्प सभा का आयोजन शुरू कर दिया है। यह सभाएं राज्य के सभी जिलों में आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में कुल्टी स्टेशन के पास भाजपा की ओर से एक परिवर्तन संकल्प सभा का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए कुल्टी विधानसभा के विधायक अजय पोद्दार ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। राज्य में हत्यारों और बलात्कारियों को सजा देने के बजाय उन्हें बचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार राज्य की जनता सरकार को इसका करारा जवाब देगी।

वहीं भाजपा नेत्री, कुल्टी मंडल-2 की उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता रीना बनर्जी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जनता के हितों की बजाय अपने भतीजे को बचाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस चोरी, डकैती और माफिया राज को बढ़ावा दे रही है। सरकार जनता के बारे में सोचने के बजाय अपने लोगों की सुरक्षा में लगी हुई है।

रीना बनर्जी ने आगे कहा कि क्षेत्र में जिस प्रकार से अपराध और अपराधियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, उससे महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने अल्पसंख्यकों को केवल सपने दिखाए हैं, उनके विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। राज्य तथा सभी धर्मों और वर्गों के समग्र विकास के लिए डबल इंजन सरकार की आवश्यकता है।

सभा में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और राज्य में परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर दिया।

बंगाल में भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा की परिवर्तन संकल्प सभा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *