बीरभूम जिले के पवित्र तारापीठ धाम में शनिवार की सुबह होटल तीर्था, उत्तर 24 परगना के तत्वावधान में ‘मां ताराश्रिता भक्तगण’ द्वारा एक भव्य धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गीता चंडीपाठ और पूजाचरण से हुई। आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने मां तारा की आराधना कर सर्वजन कल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ कई जनसेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
गरीब छात्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं के बीच शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। जरूरतमंदों को वस्त्र एवं मध्याह्न भोज प्रदान किया गया। दिव्यांग भाई-बहनों के लिए व्हीलचेयर, साइकिल तथा सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उनके जीवन में सुगमता आए।
गरीब विद्यार्थियों को सोलर लाइट प्रदान की गई ताकि वे रात में भी अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को वित्तीय सहायता दी गई। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें वितरित की गईं, वहीं प्राथमिक विद्यालयों एवं आश्रमों को विद्युत पंखे प्रदान किए गए।
शाम के समय दीप प्रज्वलन एवं स्वागत समारोह के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम क्रमबद्ध रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मां ताराश्रिता भक्तगण के संपादक रक्तिम दासगुप्ता, संयुक्त संपादक अमिताभ मंडल, सत्यरंजन सरकार, अध्यक्ष संजीव सेन चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष अभिजीत गुचैत, उपाध्यक्ष अपू रॉय, साहेब चक्रवर्ती, अमिया मुखर्जी, प्रद्युत साहा, अरुण घोष सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम भक्ति और समाजसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें आध्यात्मिक साधना के साथ मानवीय सेवा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

