कोलकाता, बड़ाबाजार स्थित गणेश टॉकीज मोड़ के समीप पारीक भवन में आष्ट लक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक प्रेस वार्ता में ब्राह्मण समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह छात्रवृत्ति केवल ब्राह्मण समाज के उन छात्र-छात्राओं को प्रदान की जाएगी जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। निर्धारित मानदंड के अनुसार, 85 से 89 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹3,100, 90 से 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों को ₹5,100 तथा 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹11,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि छात्रवृत्ति वितरण एवं सम्मान समारोह 12 जुलाई को हावड़ा के मंगलम महेश्वरी भवन में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित किया जाएगा, जिसमें पात्र छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पदाधिकारियों ने समाज के मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर सुनील शर्मा, कमल किशोर पारीक, राकेश पारीक, चंद्र प्रकाश शर्मा एवं पामुल कुमार जोशी उपस्थित रहे। सभी ने छात्रवृत्ति योजना की विस्तृत जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की।

