Murshidabad Kings ने बारासात स्थित Aditya Academy Secondary School में अपने सीज़न 3 क्रिकेट ट्रायल्स का सफल आयोजन किया। इस ट्रायल में बंगाल के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों युवा क्रिकेटरों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बल्लेबाज़, गेंदबाज़ और ऑलराउंडर खिलाड़ियों ने टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ के सामने अपनी क्षमता को साबित करने का पूरा प्रयास किया।
इन ट्रायल्स का आयोजन फ्रेंचाइज़ी की उस निरंतर पहल का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर से उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करना है। पूरे दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला, जिससे चयन प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धात्मक बन गई।
ट्रायल्स के सफल समापन के बाद मुरशिदाबाद किंग्स के सह-मालिक Pratiik Jalan ने कहा, “सीज़न 3 ट्रायल्स के लिए हमें जो शानदार प्रतिक्रिया मिली है, उससे हम बेहद खुश हैं। आज हमने खिलाड़ियों में जो ऊर्जा, जुनून और प्रतिभा देखी, वह बंगाल क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। मुरशिदाबाद किंग्स युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए एक सशक्त मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए सह-मालिक Yash Jain ने कहा, “ट्रायल्स में खिलाड़ियों की संख्या हमारी उम्मीदों से कहीं अधिक रही। इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ आगे आते देखना बेहद उत्साहजनक है। हमारी स्काउटिंग टीम ने कई संभावनाशील खिलाड़ियों की पहचान की है और हम सीज़न 3 के लिए एक मजबूत टीम तैयार करने को लेकर उत्साहित हैं।”
गौरतलब है कि Murshidabad Kings और Murshidabad Kueens, बंगाल प्रो टी20 लीग की ऐसी फ्रेंचाइज़ी हैं, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों का प्रतिनिधित्व करती हैं। यह फ्रेंचाइज़ी JJ Sport Ventures Pvt. Ltd. के स्वामित्व में है, जिसे पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठित व्यावसायिक समूह Jalan Builders और Pritam Electricsal ने मिलकर गठित किया है।

