टॉलीगंज म्यूर एवेन्यू बौद्ध समिति के तत्वावधान में टॉलीगंज संबोधि बुद्ध विहार में प्रख्यात बौद्ध भिक्षु, शिक्षाविद्, समाज सुधारक, मानवतावादी, लेखक एवं संगठक डॉ. अरुणज्योति भिक्षु का 51वां जन्मदिवस धार्मिक गरिमा, मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध पूजा, त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण, संघदान, अष्टपरिष्कार दान, धर्मदेशना, मंगलसूत्र पाठ तथा विशेष आशीर्वाद समारोह के साथ हुआ। इसके पश्चात भिक्षु संघ, उपासक-उपासिकाओं एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में जन्मदिवस समारोह संपन्न हुआ।
अपने जन्मदिवस को जनकल्याण के अवसर में परिवर्तित करते हुए डॉ. अरुणज्योति भिक्षु की पहल पर अनेक गरीब, असहाय एवं वंचित लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई तथा विभिन्न आश्रमों एवं सेवा केंद्रों में भी खाद्य सामग्री वितरित की गई। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को भगवान बुद्ध की करुणा, मैत्री और सेवा-भावना का अनुकरणीय उदाहरण बताया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. अरुणज्योति भिक्षु ने कहा, “जन्मदिन केवल व्यक्तिगत आनंद का अवसर नहीं है, बल्कि यह मानव सेवा, आत्मचिंतन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पुनः स्मरण करने का दिन है। जिस प्रकार मेरा जन्म एक माँ की कोख से हुआ है, उसी प्रकार इस संसार का प्रत्येक व्यक्ति भी किसी माँ की संतान है। इसलिए प्रत्येक माँ, बहन और बेटी के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा की रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।”
उन्होंने पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में महिलाओं के विरुद्ध हुई अत्याचार की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उनकी कड़ी निंदा की। साथ ही राज्य सरकार, प्रशासन, मीडिया और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि ऐसा सुरक्षित समाज बनाया जाए, जहाँ कोई भी महिला बलात्कार, उत्पीड़न या हत्या का शिकार न हो तथा प्रत्येक माँ, बहन और बेटी सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के साथ अपना जीवन जी सके।
समारोह में विशिष्ट बौद्ध भिक्षु भदंत अग्रलंकार भिक्षु एवं भदंत नंदप्रिय भिक्षु, शिक्षाविद् सुकुमार दास, डॉ. सुरेश कुमार अग्रवाल, विश्वभारती विद्यालय के प्रोफेसर शिराजुल इस्लाम, समाजसेवी संजय चामारिया, मनोतोष बरुआ, सुकमोल बरुआ, प्रतीक बंटिया सहित धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक क्षेत्रों की अनेक गणमान्य हस्तियां, भिक्षु संघ, उपासक-उपासिकाएं तथा अन्य अतिथि उपस्थित थे।
अंत में सभी अतिथियों ने डॉ. अरुणज्योति भिक्षु को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सफलता की कामना की। कार्यक्रम का समापन समस्त प्राणियों के कल्याण, विश्व शांति और मानवता के मंगल हेतु विशेष प्रार्थना के साथ हुआ।

