पार्क सर्कस बेनियापुकुर संयुक्त पूजा समिति ने इस वर्ष अपने शारदीय दुर्गोत्सव के 74वें वर्ष का शुभारंभ पारंपरिक “खुटी पूजा” के साथ भव्य रूप में किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देबाशीष कुमार महासोय विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस वर्ष की पूजा थीम इंडोनेशिया के बाली द्वीप स्थित भव्य “तमन सरस्वती मंदिर” पर आधारित है। इस अनूठे एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध थीम की संकल्पना एवं साकार रूप देने का कार्य प्रसिद्ध कलाकार गोविंदा गिरि द्वारा किया जा रहा है। पार्क सर्कस मैदान में बनने वाला यह थीम मंडप “पूर्व-प्लेटिनम जयंती वर्ष” को समर्पित है।
मंडप निर्माण का कार्य “न्यू प्रधान डेकोरेटर्स” के कुशल शिल्पियों द्वारा किया जा रहा है। वहीं, मां दुर्गा की आकर्षक मूर्ति का निर्माण पद्मश्री से सम्मानित सुप्रसिद्ध मूर्तिकार सनातन रुद्र पाल महासोय ने किया है।
पूरे आयोजन को भव्य रूप देने हेतु प्रकाश एवं ध्वनि सज्जा का कार्य श्री गणेश एंटरप्राइज (साउंड मास्टर) द्वारा किया जा रहा है।
पूजा समिति के संयुक्त महासचिव श्री अमिय नारायण भट्टाचार्य और श्री हेमंत दे महासोय ने मीडिया को इस वर्ष की थीम, तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
शहरवासियों को इस वर्ष पार्क सर्कस मैदान में एक अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत के दर्शन का अवसर मिलने जा रहा है, जहां बाली की पौराणिक आभा और बंगाल की भक्ति एक साथ जीवंत होंगी।
