प्रवासी मारवाड़ी समाज की अखिल भारतीय स्तर पर सुप्रसिद्ध एवं सर्वाधिक लोकप्रिय संस्था महा ऑल इंडिया मारवाड़ी फेडरेशन आगामी 25 दिसंबर को भव्य समारोह के माध्यम से अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस अवसर पर कोलकाता के जी. डी. बिड़ला सभागार में एक गरिमामय आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए फेडरेशन के महामंत्री किशन किल्ला ने बताया कि महानगर एवं आसपास के क्षेत्रों में 25 वर्षों से अधिक समय से सामाजिक सेवा में सक्रिय 17 स्वयंसेवी संस्थाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। समारोह के दौरान एक कवि सम्मेलन का भी आयोजन होगा, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से आए प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को रसपान कराएंगे। इसके साथ ही संस्था द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बड़े स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएगी।
श्री किल्ला ने बताया कि फेडरेशन द्वारा निशुल्क कानूनी परामर्श एवं समाधान शिविर पिछले लगातार आठ महीनों से निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य बढ़ती सामाजिक दूरियों को पाटकर समाज को एकजुट करना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से संस्था से जुड़ने का आह्वान भी किया।
फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष रतनलाल अग्रवाल ने कहा कि भारत सरकार के विभिन्न विभागों से मान्यता प्राप्त इस संस्था के माध्यम से समाज को संगठित कर भाषा, रीति-रिवाज, सभ्यता, लोकाचार और संस्कृति को नई पीढ़ी के सहयोग से नई पहचान दिलाते हुए समाज विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु पिछले तीन महीनों से सक्रिय रूप से जुड़े मुकेश जिंदल, शंभू मोदी एवं जयप्रकाश मुरारका ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा से अवगत कराया। इस आयोजन को सफल बनाने में A.U. Finance Bank की भी विशेष भूमिका रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिवक्ता अशोक ढनढनिया, डा. एस. के. अग्रवाल, कुसुम मोदी, अधिवक्ता नारायण प्रसाद अग्रवाल, चंद्रप्रकाश फिटकरीवाला, सुभाष जैन, योगेंद्र जैन, वेद प्रकाश जोशी, अशोक संचेती, नारायण शर्मा, रवींद्र अग्रवाल, श्रीप्रकाश तोषनीवाल, सतीश अग्रवाल, हरि नारायण भट्टर, राहुल जैन, मोहन रुंगटा, राहुल अग्रवाल, रमेश जैन, मुरारीलाल केडिया, गौरी शंकर चौधरी, महेश गोयल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में कोलकाता महानगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री द्वारा फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री श्री किशन किल्ला को संस्था द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए राजस्थान सरकार की ओर से सम्मानित किया गया था।

