भारतीय सिनेमा और देशभक्ति की भावना का एक ऐतिहासिक संगम उस समय देखने को मिला जब फिल्म Main Vaapas Aaunga के संगीतकार, पद्म भूषण सम्मानित, ऑस्कर एवं ग्रैमी पुरस्कार विजेता A. R. Rahman ने प्रतिष्ठित अटारी बॉर्डर पोस्ट पर अपना पहला लाइव प्रदर्शन प्रस्तुत किया। यह विशेष आयोजन देश की सीमा की रक्षा करने वाले बहादुर जवानों, विशेषकर Border Security Force (बीएसएफ) के सम्मान में आयोजित किया गया।
प्रसिद्ध बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान आयोजित “जय हो – ए म्यूज़िकल सैल्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स” कार्यक्रम में हजारों दर्शकों ने भाग लिया। जेसीपी स्टेडियम देशभक्ति, गर्व और भावनाओं से सराबोर हो उठा। पूरे वातावरण में राष्ट्रप्रेम की गूंज सुनाई दी और यह अवसर उपस्थित लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
इस आयोजन का फिल्म मैं वापस आऊंगा से विशेष संबंध भी रहा। फिल्म की कहानी भारत विभाजन की पृष्ठभूमि में प्रेम, बिछड़न और मानवीय भावनाओं को केंद्र में रखकर बुनी गई है। यह उन लाखों लोगों की वास्तविक कहानियों से प्रेरित है जिन्होंने 1947 के विभाजन के दौरान अपने घर, अपने रिश्ते और अपने प्रियजनों को खोया था।
कार्यक्रम की शुरुआत फिल्म के निर्देशक Imtiaz Ali, Ananya Birla, अभिनेता Vedang Raina तथा निर्माता Mohit Choudhary द्वारा दर्शकों का स्वागत करने के साथ हुई। उन्होंने बीएसएफ और भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए फिल्म के आगामी संगीत एल्बम को देश के वीर जवानों को समर्पित किया।
संगीत समारोह का आरंभ ए.आर. रहमान की मधुर प्रस्तुति “चंदा सूरज लाखों तारे” से हुआ। इसके बाद फिल्म के गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “मस्कारा” गीत को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया, जबकि “इश्क मस्ताना” को लोकप्रिय गायक Mohit Chauhan ने पूजा तिवारी और नरगिस के साथ मिलकर गाया। कार्यक्रम का समापन ए.आर. रहमान की कालजयी रचना “माँ तुझे सलाम” के साथ हुआ, जिसने पूरे परिसर को भावनाओं और राष्ट्रीय गौरव से भर दिया।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इम्तियाज़ अली ने कहा, “अटारी गेट के जेसीपी स्टेडियम में ए.आर. रहमान का यह प्रदर्शन एक अनूठा और ऐतिहासिक क्षण है। यह कार्यक्रम हमारे सीमा प्रहरियों, बीएसएफ, भारतीय सेना और उस प्रेम तथा एकता की भावना को समर्पित है जो हम सभी को जोड़ती है। मैं वापस आऊंगा एक ऐसी फिल्म है जिसकी जड़ें 1947 के विभाजन की पीड़ा और मानवीय संवेदनाओं में हैं। उस समय केवल घर और ज़िंदगियाँ ही नहीं बिछड़ी थीं, बल्कि दिल भी टूटे थे। हम प्रेम का संदेश लेकर आए हैं, क्योंकि अंततः प्रेम ही हमें संभाल कर रखता है।”
इम्तियाज़ अली की संवेदनशील कहानी पर आधारित मैं वापस आऊंगा में Diljit Dosanjh, Naseeruddin Shah, Sharvari और वेदांग रैना प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीतों को Irshad Kamil ने लिखा है।
फिल्म का निर्माण Birla Studios, Applause Entertainment तथा Window Seat Films ने किया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका संगीत Tips Music के माध्यम से जारी किया जाएगा।

