उत्तर एवं मध्य कोलकाता की प्रतिष्ठित दुर्गा पूजा समितियों में शामिल यूथ एसोसिएशन ऑफ मोहम्मद अली पार्क ने अपनी 58वीं वर्षगांठ की दुर्गा पूजा तैयारियों का शुभारंभ पारंपरिक खूंटी पूजा के साथ किया। एमजी मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, क्लब सदस्यों और विशिष्ट अतिथियों ने मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त कर आगामी दुर्गोत्सव की सफल एवं भव्य आयोजन की कामना की।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा यूथ एसोसिएशन ऑफ मोहम्मद अली पार्क के अध्यक्ष श्री तपस रॉय, विधायक श्री विजय ओझा, पार्षद श्रीमती मीना देवी पुरोहित, भाजपा उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष श्री तमोघ्न घोष, समाजसेवी एवं एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री विनय दुबे सहित भाजपा नेता श्री दिनेश पांडेय, श्री नवीन मिश्रा, श्री भोला प्रसाद सोनकर, श्री रवि तिवारी तथा क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
ढाक की गूंज के बीच आयोजित खूंटी पूजा ने पूरे परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। लगभग छह दशकों से मोहम्मद अली पार्क की दुर्गा पूजा अपनी अनूठी थीम, उत्कृष्ट कलात्मक प्रस्तुति, सुव्यवस्थित आयोजन, आगंतुकों की सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द के संदेश के लिए विशेष पहचान रखती है। हर वर्ष यहां लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पूजा पंडाल का दर्शन करने पहुंचते हैं।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए यूथ एसोसिएशन ऑफ मोहम्मद अली पार्क के महासचिव श्री सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, “58वें वर्ष की शुरुआत खूंटी पूजा के साथ करना हमारे लिए गर्व और आस्था का विषय है। हम अपनी समृद्ध परंपराओं को संजोते हुए श्रद्धालुओं को एक यादगार दुर्गा पूजा का अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नई सरकार के गठन और हमारे संगठन के निरंतर विस्तार के बीच हमें उम्मीद है कि जलाशय के नवीनीकरण का कार्य जल्द पूरा होगा और पार्क को पुनः बहाल किया जाएगा, ताकि हम अपने मूल स्थल पर फिर से दुर्गा पूजा का आयोजन कर सकें। वही स्थान हमारी विरासत का अभिन्न हिस्सा है और हम सभी श्रद्धालुओं का अपने वास्तविक घर में भव्य एवं अविस्मरणीय उत्सव के लिए स्वागत करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
1969 में स्थापित यूथ एसोसिएशन ऑफ मोहम्मद अली पार्क उत्तर एवं मध्य कोलकाता के सबसे प्रतिष्ठित क्लबों में से एक है। इसकी दुर्गा पूजा अपनी भव्य वास्तुकला, आकर्षक थीम और उत्कृष्ट आयोजन के कारण वर्षों से शहर की प्रमुख पूजाओं में गिनी जाती है। समिति विभिन्न श्रेणियों में अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार भी जीत चुकी है, जिससे मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा को कोलकाता की सबसे सम्मानित और लोकप्रिय दुर्गा पूजाओं में स्थान प्राप्त है।

