उत्तर कोलकाता के बड़ा बाजार क्षेत्र स्थित पोस्ता बड़ा जगन्नाथ मंदिर की ओर से गुरुवार, 16 जुलाई 2026 की संध्या को श्री श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमाओं के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
रथयात्रा पोस्ता के नवाब लेन स्थित बड़ा जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ हुई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को भव्य रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई, जो बड़ा बाजार, पोस्ता, जोराबागान, कलाकर स्ट्रीट सहित उत्तर कोलकाता के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः नवाब लेन पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयघोष, भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा के साथ भगवान का स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इस धार्मिक आयोजन में शचीन त्रिपाठी, मति संकार, ऋषिकेश त्रिपाठी, अनीश सिंह, सुरेश संकार, सुनील मिश्रा, मुन्ना महाराज महंत (पोस्ता जगन्नाथ मंदिर), ऋषि शुक्ला, महेश शर्मा तथा सत्यम शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रथयात्रा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं की थीं, जिससे पूरे आयोजन का संचालन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

