महिलाओं में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एन.एस. क्युकोशिन कराटे ऑर्गनाइजेशन द्वारा गरिया स्थित किशोर कल्याण संघ मैदान में 15वें वर्ष के उपलक्ष्य में कराटे बेल्ट परिवर्तन (गेट टेस्ट) एवं विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस विशेष प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन शिविर की खास बात यह रही कि इसका संचालन मुख्य रूप से महिलाओं द्वारा किया गया, जिससे महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सुब्रत मजूमदार, सियान निर्मल साहा, सेंसेई बिष्णु राय, कराटे प्रशिक्षिका अंकिता साहा, फिरोज अली सापुई, सियान द्वीप साहा, संध्या उपाध्याय, जॉय नारायण तालुकदार तथा सुरजीत नस्कर उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आत्मरक्षा प्रशिक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया और युवाओं, विशेषकर महिलाओं को नियमित रूप से मार्शल आर्ट्स सीखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, प्रशिक्षकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य केवल कराटे कौशल का विकास करना ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करना है।

