जनता दल यूनाइटेड (JDU) के 85वें स्थापना वर्ष के अवसर पर रविवार को हाजरा स्थित सुजाता सदन में अगस्त क्रांति आंदोलन और ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की स्मृति में एक विशेष संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के संगठन को मजबूत करना तथा आगामी दिनों के लिए नई रणनीति तैयार करना रहा।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व सांसद एवं जनता दल यूनाइटेड की अखिल भारतीय महासचिव कहकशां परवीन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दत्त, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं प्रोफेसर प्रबोधचंद्र सिन्हा, सुभाष सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष ताहरून बेगम सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विशिष्ट कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में विशेष रूप से जनता दल यूनाइटेड के युवा मोर्चा को नए स्वरूप में संगठित और सक्रिय करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही विभिन्न जिलों से आए संगठनात्मक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी के विस्तार, जनसंपर्क और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर अपने विचार रखे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से लगभग 500 सदस्य और संगठनात्मक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में पार्टी की आगामी गतिविधियों तथा संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने अगस्त क्रांति के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का आह्वान किया।

