बीएसएनएल में सदस्यता अभियान तेज, भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों से अधिकाधिक जुड़ने का किया आह्वान

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) में श्रमिक संगठन के विस्तार को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध भारतीय टेलीकॉम एम्प्लॉइज यूनियन (बीटीईयू) ने व्यापक सदस्यता अभियान शुरू किया है। संगठन ने बीएसएनएल कर्मचारियों से बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण कर श्रमिक संगठन को मजबूत बनाने की अपील की है।

बीटीईयू के अनुसार, सदस्यता सत्यापन (Membership Verification) अभियान आज से 15 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। इसी क्रम में कोलकाता स्थित बीएसएनएल टेलीफोन भवन में आयोजित एक सभा में संगठन के सर्किल सचिव वैद्य दे ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का एक प्रमुख राष्ट्रवादी श्रमिक संगठन है, जो लगातार श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बीएमएस का उद्देश्य बीएसएनएल कर्मचारियों को एक मजबूत मंच प्रदान करना तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़कर भविष्य में एक सशक्त श्रमिक संगठन का निर्माण करना है। उन्होंने कर्मचारियों से सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि संगठन श्रमिकों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।

सभा के दौरान यह भी बताया गया कि विभिन्न श्रमिक मुद्दों को लेकर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने की भी तैयारी की जा रही है, जिसमें श्रमिकों की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

कार्यक्रम में बीएमएस एवं बीटीईयू के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से वैद्य दे (सर्किल सचिव), निलभ हलदार, राकेश शर्मा, तपन दास, ए.के. सिंह, विजय जायसवाल तथा चंदन चक्रवर्ती सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बीएसएनएल कर्मचारियों के बीच संगठनात्मक एकता को मजबूत करना तथा श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाना रहा।

बीएसएनएल में सदस्यता अभियान तेज, भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों से अधिकाधिक जुड़ने का किया आह्वान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *